Home छत्तीसगढ़ नर्सिंग शिक्षा से रोजगार और सेवा दोनों को मिलेगा बढ़ावा : मुख्यमंत्री...

नर्सिंग शिक्षा से रोजगार और सेवा दोनों को मिलेगा बढ़ावा : मुख्यमंत्री साय

10
0

रायपुर, 24 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कर्नाटक के सत्य साई ग्राम, मुद्देनहल्ली का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित समग्र सेवा मॉडल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक सद्गुरु श्री मधुसूदन साई से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में जनकल्याणकारी सेवाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा मूल्य आधारित शिक्षा के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का आधार केवल आर्थिक विकास नहीं, बल्कि स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित समाज है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल द्वारा निःशुल्क बाल हृदय शल्य चिकित्सा (पीडियाट्रिक कार्डियक सर्जरी) के माध्यम से हजारों बच्चों को नया जीवन देने की पहल की सराहना की। उन्होंने अस्पताल के विस्तार, मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल की स्थापना तथा भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय मूल्य आधारित शिक्षा सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस सम्मेलन में विश्व के लगभग 25 देशों के 100 से अधिक शिक्षकों और शिक्षाविदों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सेवा, करुणा, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का भी सशक्त माध्यम है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट द्वारा संचालित साईश्योर न्यूट्रास्यूटिकल्स इकाई का भी अवलोकन किया। यहां तैयार किए जा रहे मल्टी-न्यूट्रिएंट हेल्थ मिक्स के माध्यम से देश के 25 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों के लगभग एक करोड़ बच्चों तक पोषण सहायता पहुंचाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस तरह के नवाचारों को अपनाने की संभावनाओं पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ के लगभग 300 युवाओं को यहां नर्सिंग शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ सेवा भावना से प्रेरित कुशल स्वास्थ्य मानव संसाधन तैयार हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ सरकार और वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के सहयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी तथा गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का दायरा और अधिक व्यापक होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here