Home छत्तीसगढ़ आदिवासी स्वाभिमान का शक्ति प्रदर्शन बना धरमजयगढ़ का जनजातीय गौरव दिवस, CM...

आदिवासी स्वाभिमान का शक्ति प्रदर्शन बना धरमजयगढ़ का जनजातीय गौरव दिवस, CM साय ने खोला सौगातों का पिटारा; किसानों के लिए भी बड़ा फैसला

8
0

बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर हजारों लोगों की मौजूदगी में सजा जनजातीय संस्कृति का मंच, तीर-कमान और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ मुख्यमंत्री ने बढ़ाया समाज का उत्साह; नितिन नवीन ने वर्चुअल संबोधन में गिनाईं बस्तर की बदलती तस्वीर

धरमजयगढ़ | आदिवासी अस्मिता, परंपरा और स्वाभिमान का संदेश लेकर धरमजयगढ़ का दशहरा मैदान जनजातीय गौरव दिवस के राज्यस्तरीय समारोह का केंद्र बना। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग जुटे। विशाल पंडाल में जनजातीय संस्कृति की रंगीन छटा दिखाई दी तो मंच से समाज के नायकों के बलिदान और विकास की नई संभावनाओं की चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समारोह में शामिल होकर आदिवासी समाज के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा में नजर आए। उन्होंने तीर-कमान थामकर और पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान, संस्कृति का संरक्षण और समृद्धि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी। इसके लिए 13,839 रुपये प्रति एकड़ की दर से सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कुल धान खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है।

तेंदूपत्ता संग्राहकों और पारंपरिक नेतृत्व को सम्मान

मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के पारिश्रमिक को बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने की जानकारी दी। चरण पादुका योजना फिर शुरू की गई है। मांझी-चालकी के पारंपरिक पदाधिकारियों का वार्षिक मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये किया गया है। बैगा समुदाय के पारंपरिक पदाधिकारियों को भी 5,000 रुपये वार्षिक मानदेय दिया जा रहा है।

आदिवासी परंपराओं और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण के लिए अखरा और देवगुड़ी के विकास पर भी जोर दिया गया। स्वीकृत अखरा निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तक का प्रावधान किया गया है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान प्रदेश के 6,691 गांवों में संचालित है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के जरिए विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

68 लाख महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन का लाभ

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। योजना की 32 किश्तों में लगभग 21,350 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। इनमें करीब 30 प्रतिशत लाभार्थी आदिवासी समुदाय से हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवासों के लिए राज्यांश की व्यवस्था की गई है और प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है।

नितिन नवीन का संदेश – बस्तर की पहचान अब खेल और शिक्षा

समारोह को राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। प्रतिकूल मौसम के कारण वे कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर आदिवासी नायकों के संघर्ष और बलिदान को राष्ट्रीय सम्मान दिया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि बस्तर अब बंदूक और हिंसा की जगह खेल के मैदान, शिक्षा, विश्वास और विकास की नई पहचान बना रहा है। उन्होंने बस्तर ओलंपिक में बढ़ती भागीदारी का उदाहरण दिया। वर्ष 2024 में डेढ़ लाख से अधिक और वर्ष 2025 में लगभग चार लाख लोगों ने इसमें हिस्सा लिया।

उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। प्रदेश में संचालित 75 एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों में से वर्ष 2025-26 में 408 ने जेईई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की, जिनमें 346 विद्यार्थी जेईई मेन्स में सफल रहे।

तीन पद्मश्री विभूतियों का सम्मान

समारोह में मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी को सम्मानित किया। जनजातीय नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि और मांझी-चालकी पदाधिकारियों को मानदेय वितरित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

धरमजयगढ़ का यह आयोजन आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास को याद करने के साथ उसकी सांस्कृतिक पहचान, आर्थिक सशक्तीकरण और विकास की जरूरतों को सामने लाने वाला महत्वपूर्ण अवसर बना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here