बलरामपुर 20 जुलाई 2026। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। स्कूल पढ़ाने जा रहे एक शिक्षक की उनके ही दो चचेरे भाइयों ने दिनदहाड़े चाकू से गला रेतकर और हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद गांव में तनाव फैल गया। मृतक शिक्षक के गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। वहीं घटना की जानकारी के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात त्रिकुंडा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि यहां राधानगर गांव में रहने वाले शिक्षक जयकरन जगत आज सोमवार सुबह बाइक से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ ही दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे उनके चचेरे भाई बृजमोहन और हरिमोहन ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू और हथौड़े से शिक्षक पर ताबड़तोड़ जानलेवा वार कर दिये। गर्दन पर गंभीर चोट लगने से शिक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुई हत्या की इस वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
शिक्षक की हत्या की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की और उसमें आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाया गया और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात को नियंत्रण में लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को गांव में इस मामले को लेकर बैठक भी हुई थी। आरोप है कि बंटवारे के बावजूद जमीन की नापजोख और खेती को लेकर दोनों पक्षों में लगातार विवाद बना हुआ था। महज एक दिन बाद यही विवाद खूनी वारदात में बदल गया।
दोनों आरोपी हिरासत में, हत्या की वजह जमीन विवाद
त्रिकुंडा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेन्द्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की मुख्य वजह जमीन विवाद सामने आई है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।






