Home Good News शिक्षा और जनजातीय शोध को नई दिशा: PSSOU ने MUMT और TRKC...

शिक्षा और जनजातीय शोध को नई दिशा: PSSOU ने MUMT और TRKC दिल्ली से किया महत्वपूर्ण MOU

16
0

बिलासपुर। पण्डित सुन्दरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़, बिलासपुर ने अकादमिक सहयोग और अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए दो संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (MOU) किया है। विश्वविद्यालय ने महर्षि प्रबंधन एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MUMT), बिलासपुर तथा ट्राइबल रिसर्च एंड नॉलेज सेंटर (TRKC), नई दिल्ली के साथ शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को लेकर समझौता किया है।

इन समझौतों के माध्यम से शिक्षा, अनुसंधान, प्रशिक्षण, नवाचार, प्रकाशन, संकाय विकास और विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के साथ-साथ जनजातीय समाज से जुड़े विषयों पर संयुक्त अध्ययन एवं शोध को संस्थागत स्तर पर बढ़ावा देने का रास्ता तैयार हुआ है।

MUMT के साथ अकादमिक और अनुसंधान सहयोग

महर्षि प्रबंधन एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के साथ 17 सितंबर 2026 को हुए MOU के तहत दोनों विश्वविद्यालय अकादमिक, अनुसंधान, प्रशिक्षण, नवाचार, विस्तार गतिविधियों और संस्थागत विकास के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग करेंगे। इसके अंतर्गत संयुक्त संगोष्ठी, कार्यशाला, व्याख्यान, अकादमिक कार्यक्रम, अंतर्विषयी अध्ययन तथा पाठ्यचर्या से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

दोनों संस्थान एमओओसी, मुक्त शैक्षिक संसाधन (OER), डिजिटल एवं स्व-अध्ययन सामग्री तथा तकनीक आधारित शिक्षण संसाधनों के विकास और सह-विकास की दिशा में भी कार्य कर सकेंगे। सक्षम प्राधिकारियों की स्वीकृति के अधीन अल्पकालिक, प्रमाणपत्र एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने की संभावनाएं भी रखी गई हैं।

संयुक्त शोध और विद्यार्थियों के लिए नए अवसर

MOU के तहत संयुक्त अनुसंधान, सर्वेक्षण, क्षेत्र अध्ययन, प्रायोजित शोध, परामर्श, संयुक्त प्रकाशन और शोध प्रसार जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। संकाय विकास कार्यक्रम, प्रशिक्षण, पुनश्चर्या गतिविधियां, विशेषज्ञ व्याख्यान और अकादमिक यात्राओं के माध्यम से शिक्षकों एवं शोधकर्ताओं को भी सहयोग के अवसर मिलेंगे।

विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप, परियोजना कार्य, क्षेत्रीय अनुभव, शैक्षणिक भ्रमण, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन, उद्यमिता और प्लेसमेंट-तत्परता से जुड़ी गतिविधियां विकसित की जा सकेंगी। हालांकि प्रवेश, क्रेडिट ट्रांसफर, संयुक्त अथवा द्वैध उपाधि जैसे विषय यूजीसी एवं सक्षम प्राधिकारियों के नियमों और दोनों संस्थानों की स्वीकृति के अनुसार ही लागू होंगे।

TRKC दिल्ली के साथ जनजातीय विषयों पर संयुक्त शोध

दूसरा महत्वपूर्ण समझौता ट्राइबल रिसर्च एंड नॉलेज सेंटर (TRKC), नई दिल्ली के साथ किया गया है। इस MOU का प्रमुख उद्देश्य जनजातीय मुद्दों एवं अनुसूचित जनजातियों से जुड़े विषयों पर संयुक्त अध्ययन, अनुसंधान, ज्ञान-साझाकरण और विशेषज्ञ सहयोग को बढ़ावा देना है।

समझौते के अंतर्गत जनजातीय विषयों पर सम्मेलन, संगोष्ठी, शोध कार्यक्रम, प्रकाशन तथा आपसी सहमति से अन्य अकादमिक गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी। TRKC की ओर से रणनीति निर्माण, योजना तैयार करने और कार्य-रोडमैप विकसित करने में बौद्धिक सहयोग तथा आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञता उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।

रजिस्ट्रार और TRKC के प्रान्त संयोजक ने किए हस्ताक्षर

समझौता प्रक्रिया के दौरान पण्डित सुन्दरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव श्री चंद्रभूषण मिश्र ने हस्ताक्षर किए। वहीं ट्राइबल रिसर्च एंड नॉलेज सेंटर (TRKC), नई दिल्ली की ओर से छत्तीसगढ़ के प्रान्त संयोजक श्री राजीव शर्मा ने MOU पर हस्ताक्षर कर संस्थागत सहयोग को औपचारिक रूप दिया।

विश्वविद्यालय के अनुसार, इस समझौते के माध्यम से जनजातीय समाज, संस्कृति, परंपरा और समसामयिक विषयों पर अध्ययन एवं शोध के लिए विशेषज्ञता और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को क्षेत्रीय अध्ययन और शोध कार्य से जुड़ने के नए अवसर प्राप्त हो सकेंगे।

दो सदस्यीय संचालन समिति से होगी गतिविधियों की निगरानी

MOU के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों के प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए दोनों पक्षों से एक-एक प्रतिनिधि वाली दो सदस्यीय संचालन समिति गठित करने का प्रावधान किया गया है। बौद्धिक संपदा, स्वामित्व, प्रोत्साहन और ज्ञान-साझाकरण से जुड़े विषय संबंधित कार्य की प्रकृति के अनुसार आपसी सहमति से तय किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय का कहना है कि दोनों MOU का उद्देश्य संस्थागत सहयोग को व्यावहारिक रूप देना, उपलब्ध विशेषज्ञता एवं संसाधनों का साझा उपयोग करना तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के लिए नए अवसर तैयार करना है। विशेष रूप से TRKC के साथ हुए समझौते से छत्तीसगढ़ के जनजातीय समाज से जुड़े विषयों पर अकादमिक अध्ययन और अनुसंधान को नई दिशा मिलने की संभावना है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर पण्डित सुन्दरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. वी. के. सारस्वत एवं कुलसचिव श्री चंद्रभूषण मिश्र, महर्षि प्रबंधन एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. डॉ. नरेश कुमार तिवारी एवं कुलसचिव डॉ. विजय गरुडिक उपस्थित रहे। वहीं ट्राइबल रिसर्च एंड नॉलेज सेंटर, नई दिल्ली की ओर से छत्तीसगढ़ के प्रान्त संयोजक श्री राजीव शर्मा एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री वैभव सुरंगे मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here