रायपुर, 22 जुलाई। राजधानी रायपुर में आगामी 18, 19 और 20 सितंबर को आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस आयोजन के संबंध में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात कर आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे औद्योगिक आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को नई दिशा देने के साथ-साथ निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को भी गति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आयोजित होने वाला यह राष्ट्रीय औद्योगिक समागम छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास के नए द्वार खोलेगा। इससे प्रदेश के स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने और अपने व्यापार का विस्तार करने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि लघु उद्योग भारती देश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों का सबसे बड़ा संगठन है, जो एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने और उद्योगों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर देशभर के उद्योगपतियों, निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थानों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा। आयोजन के दौरान आधुनिक तकनीक, निवेश, विपणन, उद्योग-व्यापार सहयोग और व्यापार विस्तार से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा होगी तथा नए व्यावसायिक अवसरों का सृजन होगा।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के एमएसएमई क्षेत्र को नई ऊर्जा देने के साथ प्रदेश को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्त, संयुक्त महासचिव नरेश पारख, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर, प्रांत अध्यक्ष सी. पी. दुबे, पुरुषोत्तम पटेल, अनिल बाकलीवाल, तूलिका पांडे तथा प्रांजल सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।






