Home छत्तीसगढ़ बीजापुर के एकलव्य स्कूल में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार पर मुख्यमंत्री सख्त,...

बीजापुर के एकलव्य स्कूल में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार पर मुख्यमंत्री सख्त, कलेक्टर-एसपी को जांच के निर्देश

30
0

रायपुर, 13 सितंबर 2026। बीजापुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप और पुलिस अधीक्षक को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि बच्चों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

शिकायत मिली तो तत्काल कार्रवाई, लापरवाही पर भी तय होगी जवाबदेही

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या असुरक्षित वातावरण से जुड़ी किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और बिना देरी कार्रवाई की जाए। जांच में यदि शिकायत की अनदेखी करने, मामले को दबाने या कार्रवाई में लापरवाही बरतने की बात सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आवासीय विद्यालय और छात्रावास बच्चों के लिए घर की तरह हैं। माता-पिता अपने बच्चों को विश्वास के साथ इन संस्थानों में भेजते हैं। इस विश्वास और भरोसे की रक्षा करना शासन-प्रशासन तथा संस्थान से जुड़े प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी है।

बालिका छात्रावासों और आश्रमों का नियमित निरीक्षण होगा

बीजापुर की घटना के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में संचालित बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टरों को संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने तथा सुरक्षा से जुड़े निर्धारित प्रोटोकॉल के पालन की जांच करने कहा गया है।

इसके साथ ही छात्रावास अधीक्षकों और जिम्मेदार कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति, परिसर की सुरक्षा तथा छात्राओं की शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

डर के बिना अपनी बात रख सकें छात्राएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों से जुड़ी शिकायतों के मामले में व्यवस्था केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं होनी चाहिए। नियमित निरीक्षण, छात्राओं से सतत संवाद और प्रभावी निगरानी के जरिए ऐसी परिस्थितियों को पहले ही पहचानकर रोकने की व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने कहा कि छात्राओं के लिए ऐसा सुरक्षित वातावरण हो, जहां वे बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्याएं और शिकायतें सामने रख सकें। जरूरत पड़ने पर प्रभावित छात्राओं को काउंसलिंग और अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।

बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि बालिकाओं के साथ दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या डराने-धमकाने की शिकायत मिलने पर संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन आपसी समन्वय से तत्काल कार्रवाई करें।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश की बेटियां निर्भय होकर पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें, इसके लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सभी की साझा जिम्मेदारी है। आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सर्वोपरि है। इसमें लापरवाही बरतने वाले किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्य बातें :

  • बीजापुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
  • कलेक्टर और एसपी को गंभीरता से जांच के निर्देश
  • दोषी पाए जाने वालों पर होगी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई
  • शिकायत दबाने या कार्रवाई में देरी पर जिम्मेदारों की भी तय होगी जवाबदेही
  • सभी जिलों में बालिका छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here