कोरबा, 20 जुलाई। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की मानिकपुर ओपनकास्ट एक्सपेंशन परियोजना को लेकर पर्यावरण स्वीकृति प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल (CECB) ने परियोजना की लोक सुनवाई (पब्लिक हियरिंग) की अधिसूचना जारी कर दी है। प्रस्तावित विस्तार के तहत परियोजना की उत्पादन क्षमता के साथ-साथ खनन क्षेत्र का भी विस्तार किया जाएगा।
अधिसूचना के अनुसार, मानिकपुर ओपनकास्ट परियोजना की उत्पादन क्षमता 5.25 मिलियन टन प्रतिवर्ष (MTPA) से बढ़ाकर 7.0 मिलियन टन प्रतिवर्ष किए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा परियोजना का क्षेत्रफल 1018.925 हेक्टेयर से बढ़ाकर 1031.507 हेक्टेयर किया जाएगा। इस विस्तार का उद्देश्य क्षेत्र में कोयला उत्पादन बढ़ाना और भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति करना है।
परियोजना से संबंधित लोक सुनवाई 21 अगस्त 2026 (शुक्रवार) सुबह 11 बजे कल्याण मंडप, मानिकपुर साप्ताहिक बाजार के पास, कोरबा में आयोजित होगी। जनसुनवाई के दौरान प्रभावित ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन तथा अन्य हितधारक परियोजना के संबंध में अपने सुझाव, आपत्तियां और राय प्रस्तुत कर सकेंगे।
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचना जारी होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर इच्छुक नागरिक क्षेत्रीय कार्यालय, कोरबा में लिखित रूप से भी अपनी आपत्तियां एवं सुझाव जमा कर सकते हैं। इन सभी बिंदुओं पर विचार करने के बाद ही पर्यावरणीय स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
प्रस्तावित परियोजना विस्तार का प्रभाव मिलाईभांठा, दादर, मानिकपुर, इस्मलीडुग्गू, जरहद और कुकरी सहित आसपास के गांवों पर पड़ने की संभावना है। ऐसे में जनसुनवाई पर्यावरणीय मंजूरी की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण होगी, जहां स्थानीय लोगों की राय और सुझावों को रिकॉर्ड कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






