Home अच्छी ख़बर ‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाएगा छत्तीसगढ़, 17 सितंबर की शाम 7 बजे...

‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाएगा छत्तीसगढ़, 17 सितंबर की शाम 7 बजे हर घर दीप जलाने CM साय की अपील, PM मोदी के जन्मदिवस पर सेवा का संकल्प, एक महीने तक चलेगा अभियान; स्वच्छता, पर्यावरण और जरूरतमंदों की मदद से जुड़ेंगे लोग

22
0

रायपुर, 14 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ में सेवा और जनभागीदारी का अनूठा संदेश देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे हर घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह दीया प्रधानमंत्री के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की कामना के साथ सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की रोशनी बने।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सिर्फ सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी वाला जनअभियान बनाया जाना चाहिए।

17 सितंबर की शाम 7 बजे खास अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर हर परिवार अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाए। साथ ही अपने आसपास उन परिवारों को भी इस पहल से जोड़ें, जिन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि दीपक प्रधानमंत्री के लिए शुभकामना का प्रतीक होने के साथ सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति छत्तीसगढ़वासियों की सामूहिक भावना को भी सामने लाएगा।

एक महीने तक सेवा कार्यों पर रहेगा जोर

‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनसेवा से जुड़े कार्यों में योगदान देने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा के लिए किसी बड़े आयोजन की आवश्यकता नहीं है। अपने मोहल्ले, गांव या शहर में किया गया छोटा प्रयास भी किसी व्यक्ति के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। ऐसे प्रयासों को सामूहिक रूप देने से अभियान का प्रभाव और व्यापक होगा।

सेवा को छत्तीसगढ़ के संस्कारों से जोड़ा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सेवा और सहयोग छत्तीसगढ़ की संस्कृति का हिस्सा है। जरूरतमंदों की मदद करना और समाज के साथ खड़े रहना प्रदेश की सामाजिक परंपरा रही है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को नई ऊर्जा देने का अवसर है।

उन्होंने युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अभियान में अपनी भूमिका तय करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

गरीब कल्याण की योजनाओं से बदली तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण और विकास की अनेक योजनाओं के जरिए लोगों को पक्का आवास, पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिला है। इन योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिक के जीवन में सुरक्षा, सुविधा और आत्मविश्वास बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि विकास की सार्थकता तभी है, जब इसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे।

‘विकसित भारत’ के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भागीदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना गांवों, शहरों और प्रत्येक परिवार की प्रगति से जुड़ा है। छत्तीसगढ़ भी विकसित भारत के निर्माण में अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान लोगों को इसी व्यापक लक्ष्य से जोड़ने का माध्यम बनेगा। सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाकर समाज को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here