Home छत्तीसगढ़ अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री साय का बड़ा निर्देश, हर जरूरतमंद...

अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री साय का बड़ा निर्देश, हर जरूरतमंद तक पहुंचे तत्काल सहायता

15
0

रायपुर, 18 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर एवं जांजगीर-चांपा जिलों में हुई अतिवृष्टि और जलभराव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जलनिकासी की व्यवस्था करने, क्षतिग्रस्त सड़कों एवं मार्गों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा जनसुविधाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन, राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को शीघ्र सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here