Home KORBA कोरबा जर्जर सड़क और पुल की मरम्मत की मांग को लेकर एनएसयूआई-युवा...

कोरबा जर्जर सड़क और पुल की मरम्मत की मांग को लेकर एनएसयूआई-युवा कांग्रेस का चक्काजाम, कोयला व राखड़ परिवहन रोका

3
0

कोरबा। बालको वेदांता की कथित जनविरोधी नीतियों और जर्जर सड़क एवं बदहाल पुल की मरम्मत की मांग को लेकर मंगलवार को एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आर्थिक नाकेबंदी करते हुए चक्काजाम किया। प्रदर्शन के दौरान कोयला एवं राखड़ परिवहन को रोक दिया गया, जिससे कुछ समय के लिए परिवहन व्यवस्था प्रभावित रही।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के जिला महामंत्री मधुसूदन दास ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता वर्षों से टूटी सड़कों, क्षतिग्रस्त पुल और लगातार हो रही दुर्घटनाओं का सामना कर रही है, लेकिन करोड़ों रुपये का मुनाफा कमाने वाली बालको वेदांता अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि उद्योगों का संचालन जरूरी है, लेकिन जनता की सुरक्षा से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष आकाश राज ने कहा कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर कार्य दिखाई देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में सड़क और पुल निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो जनहित में आंदोलन को और व्यापक एवं निर्णायक बनाया जाएगा।

एनएसयूआई के ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनमोहन राठौर एवं शहर जिला अध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा ने जर्जर सड़क और बदहाल पुल का तत्काल निर्माण कराने तथा बालको वेदांता से अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन सांकेतिक था। यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में हजारों कार्यकर्ताओं के साथ बालको के तीनों गेट पर आंदोलन और चक्काजाम किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।

प्रदर्शन में अंकित श्रीवास्तव, अदनान मेमन, धर्मेंद्र चोटोले, सीताराम चौहान, अखिलेश त्रिपाठी, संजय कंवर, भागीरथी यादव, शैलेन्द्र कुर्रे, मोहम्मद इमरान, दीपक दास महंत, अनिल खूंटे, अल्तमस, रवि सोनी, प्रहलाद साहू, दीपक दास, शिवचरण, दिवाकर राजपूत, अनिकेत यादव, नफीस मेमन, संजय कुमार पटेल, दिनेश यादव, मयंक अग्रवाल, प्रकाश साहू सहित सैकड़ों की संख्या में एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here