रायपुर/गरियाबंद, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और लोककल्याण की भावना का प्रतीक है। भगवान श्री जगन्नाथ का संदेश सभी को साथ लेकर चलने और समाज के कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि महाप्रभु का आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे।
गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की ऐतिहासिक रथयात्रा महापर्व में मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक आयोजन में भाग लिया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अंतिम तिथि, जो जून तक निर्धारित थी, उसे उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल साबित हुई है। प्रतिमाह महिलाओं के बैंक खातों में सीधे राशि हस्तांतरित होने से वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
सुशासन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है और वे स्वयं प्रतिदिन शिकायतों की समीक्षा करते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुल बनने से ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में राज्य में नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। सरकार और सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता मिली है और छत्तीसगढ़ तेजी से नक्सल मुक्त राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रोककर सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की तथा उनके आग्रह पर उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री का यह सहज व्यवहार श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
रथयात्रा महापर्व में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्ति संगीत, धार्मिक अनुष्ठानों और जयघोषों से पूरा अमलीपदर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। कार्यक्रम में कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






